Bihar Land Survey : भूमि सर्वेक्षण को लेकर भूमि संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने से उत्पन्न होने वाली समस्याओं का समाधान विशेष सर्वेक्षण पदाधिकारी करेंगे। अंचलों में आयोजित शिविरों में अधिकारी लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे। लोगों को भूमि सर्वेक्षण के बारे में पूरी जानकारी देने के लिए गांवों में ग्राम सभा का आयोजन किया जा रहा है। 12 सितंबर तक सभी गांवों में ग्राम सभा पूरी कर लेनी है।
इस दौरान अगर किसी गांव में ग्राम सभा नहीं होती है तो 12 सितंबर के बाद भी ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। भूमि सर्वेक्षण के लिए जिले के सभी अंचलों में कैंप कार्यालय बनाए गए हैं। अंचल कार्यालय के अलावा सभी गांवों में कैंप कार्यालय भी खोले गए हैं।
इन कैंप कार्यालयों में ग्राम सभा पूरी होने के बाद विशेष सर्वेक्षण सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी, कानूनगो, अमीन, क्लर्क रहेंगे। लोग विभिन्न प्रकार के दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने से संबंधित समस्या बताएंगे तो अधिकारी उसका समाधान निकालेंगे। इसके वैकल्पिक व्यवस्था के बारे में भी बताएंगे।